चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस)नियुक्ति के बाद कांग्रेस ने मोदी सरकार से पूछा- किसके पास है ज्यादा पावर, रक्षा मंत्री या बिपिन रावत
अनुज मिश्रा, नई दिल्ली
पूर्व सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत के रूप में देश को अपना पहला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) मिल गया है। बिपिन रावत को अमेरिका सहित कई देशों से बधाई संदेश मिल रहे हैं। बता दें कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीनों सेनाओं के प्रमुख सीडीएस नियुक्त करने की बात कही थी। बिपिन रावत के सीडीएस बनने के बाद कांग्रेस ने इसका विरोध किया है और कहा कि सरकार गलत कदम उठा रही है।लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बिपिन रावत जी के वैचारिक झुकाव का असर गैर राजनीतिक संस्था सेना पर नहीं पड़ना चाहिए।’’ पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, ‘‘बहुत ही अफसोस और पूरी जिम्मेदारी के साथ कहना चाहता हूं कि सीडीएस के संदर्भ में सरकार ने पहला ही कदम गलत उठाया है। इस निर्णय के दुष्प्रभाव के बारे में समय बताएगा।’’ उन्होंने सवाल किया कि सरकार का यह फैसला परेशानियों और अस्पष्टताओं से क्यों भरा पड़ा है? उल्लेखनीय है कि सेना प्रमुख के पद से मंगलवार को सेवानिवृत्ति के बाद जनरल रावत ने नवगठित सीडीएस का पदभार संभाला है। उनकी नियुक्ति का आदेश सरकार द्वारा सोमवार को जारी किया गया था।