प्रिया सिन्हा /राजधानी दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन आपूर्ति, बेड और दवाओं की कमी को लेकर हाईकोर्ट में बहस लगातार जारी है। ऑक्सीजन की कमी के चलते 1 मई, 2021 को बत्रा हॉस्पिटल में एक डॉक्टर समेत 12 मरीजों की मौत हो गई जिसके बाद कोर्ट ने यह कहा कि पानी सिर से ऊपर चला गया है। केंद्र सरकार को आदेश देते हुए हाईकोर्ट ने आगे यह भी कहा कि दिल्ली को हर हाल में उसके कोटे की ऑक्सीजन दें।
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि 1 मई की सुबह बत्रा अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म होने की वजह से हड़कंप सा मच गया। आनन-फानन में मरीजों को डिस्चॉर्ज करना पड़ा, लेकिन गंभीर हालत में भर्ती मरीजों को ऑक्सीजन समय पर नहीं मिल सकी और ऐसे में 8 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा 4 मरीजों की सांसें उखड़ने लगीं, जिसके चलते उन्हें ऑक्सीजन टैंकर आने के बाद वेंटिलेटर पर ले जाना पड़ा।
बताया यह भी जा रहा है कि अभी 220 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, लेकिन इनमें से कई के हालत गंभीर हैं। ध्यान रहें कि अगले 24 घंटे में मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है।
बताते चलें कि ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह खबर बहुत ही ज्यादा पीड़ादायी है। उन्होंने कहा कि सही समय पर ऑक्सीजन देकर इनकी जान बच सकती थी। दिल्ली को उसके कोटे की ऑक्सीजन अवश्य दी जाए। अपने लोगों की इस तरह होतीं मौतें अब और नहीं देखी जाती। दिल्ली को 976 टन ऑक्सीजन चाहिए, लेकिन कल केवल 312 टन ऑक्सीजन दी गई। इतनी कम ऑक्सीजन में दिल्ली सांस कैसे लें???





























