प्रिया सिन्हा की रिपोर्ट / मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को दरभंगा के दौरे पर थे। मुख्यमंत्री पटना से हेलीकॉप्टर से सबसे पहले कुशेश्वरस्थान के फुहिया पहुंचे जहां उन्होंने नदी पर बन रहे तटबंध का निरीक्षण किया। उसके बाद मुख्यमंत्री ने कुशेश्वरस्थान में जलवायु अनुकूल खेती की कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद मुख्यमंत्री कुशेश्वरस्थान के नंदकिशोर उच्च विद्यालय के मैदान पहुंचे जहां उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया। यहां मुख्यमंत्री से स्थानीय लोगों ने अपनी समस्याएं रखी जिसका उन्होंने समाधान का आश्वासन दिया।कुशेश्वरस्थान के नंदकिशोर उच्च विद्यालय मैदान से आम लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा इसके पहले जब वे कुशेश्वरस्थान आए थे तो यहां की भीषण बाढ़ व जलजमाव की समस्या को काफी नजदीक से देखा था। मुख्यमंत्री ने कहा उसी समय उन्होंने जल संसाधन मंत्री संजय झा से बात की थी और कुशेश्वरस्थान को जलजमाव और बाढ़ की समस्या से जितना हो सके उतना निजात दिलाने की योजना पर काम शुरू करने को कहा था। मुख्यमंत्री ने कहा आज जब वे यहां आए हैं तो उस योजना पर कई जगहों पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कई बांधों और सड़कों का काम चल रहा है जिन्हें आज उन्होंने देखा है। उन्होंने कहा है कि आज कई बांधों और सड़कों की योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया है जिस पर आज से ही जल संसाधन विभाग ने काम शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कुशेश्वरस्थान का इलाका चौर का इलाका है। नीची जमीन होने की वजह से यहां अधिकतर जगहों पर पानी लगा रहता है,जिस वजह से यहां सामान्य खेती नहीं हो पाती है। उन्होंने कहा इसी को ध्यान में रखते हुए जलवायु अनुकूल खेती की कई परियोजनाएं यहां शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे यहां के किसानों को काफी फायदा होगा।मुख्यमंत्री ने कहा कुशेश्वरस्थान के बाद वे दरभंगा के डीएमसीएच परिसर जाएंगे जहां बिहार के प्रस्तावित दूसरे एम्स का निर्माण शुरू होना है। उन्होंने कहा 2015 में बिहार में दूसरे एम्स की मंजूरी मिलने के बाद वे जिस भी जिले में जाते थे। वहां के लोग कहते थे एम्स हमारे जिले में ही बना दीजिए। मुख्यमंत्री ने कहा वे हर जिले के लोगों को कहते थे कि एम्स दरभंगा में ही बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा बिहार में सबसे पहला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पटना में बना था। उसके बाद दूसरा दरभंगा में बना था। इसी तरह जब बिहार में पटना में पहला एम्स बना तो उन्होंने फैसला किया कि दूसरा एम्स दरभंगा में ही बनना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा आज वे दरभंगा एम्स की जमीन का निरीक्षण करेंगे। यहां जल्द ही एम्स का शिलान्यास होगा और काम भी शुरू होगा। मुख्यमंत्री के दरभंगा दौरे में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा उपाध्यक्ष महेश्वर हजारी और गौड़ाबौराम की विधायक स्वर्णा सिंह समेत एनडीए के कई नेता और विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
