पटना, 5 अप्रैल। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज महान शासक सम्राट अशोक और पूर्व उप प्रधानमंत्री स्व. जगजीवन राम की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित अलग-अलग कार्यक्रमों में महान शासक सम्राट अशोक और जगजीवन राम को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश के महामंत्री शिवेश राम, जगन्नाथ ठाकुर, मिथिलेश तिवारी, ललन मंडल और राजेश वर्मा तथा कार्यालय मंत्री प्रवीण चंद्र पटेल और सुग्रीव कुमार सहित प्रदेश पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने महान शासक सम्राट अशोक और बाबू जगजीवन राम को याद कर उनके तस्वीर पर पुष्पांजलि
कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
महामंत्री शिवेश राम ने इस मौके पर कहा कि शोषित वर्गों के लिए हमेशा लड़ाई लड़ने वाले बाबू जगजीवन राम को कांग्रेस ने देश का प्रधानमंत्री नहीं बनने दिया। उन्होंने कहा कि बाबू जगजीवन राम ने दलित समाज को मुख्यधारा में लाने के लिए जीवन भर संघर्ष किया। वे हमेशा सामाजिक समानता, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के समर्थक रहे। उन्होंने अपने कार्यों से यह सिद्ध किया कि एक व्यक्ति अपने बलबूते पर समाज की धारणाओं को बदल सकता है।
महामंत्री जगन्नाथ ठाकुर ने कहा कि बाबू जगजीवन राम न केवल एक राजनेता थे, बल्कि एक महान समाज सुधारक भी थे, जिन्होंने भारत को एक समान और न्यायपूर्ण समाज बनाने में अहम भूमिका निभाई। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
महामंत्री मिथिलेश तिवारी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के प्रणेता एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम ने न्याय के लिए और समाज के कमजोर, उत्पीड़ित और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए निस्वार्थ भाव से लड़ाई लड़ी और संसदीय लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में अविस्मरणीय योगदान दिया।
इस मौके पर महामंत्री राजेश वर्मा ने कहा कि अखंड भारत के नायक, उत्तर में हिन्दुकुश की श्रेणियों से लेकर दक्षिण में गोदावरी नदी के कर्नाटक तक तथा पूर्व में बंगाल से पश्चिम में अफगानिस्तान से आगे सबसे बड़े भारतीय साम्राज्य के चक्रवती सम्राट अशोक मौर्य एवं भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी, सामाजिक न्याय के पुरोधा एवं पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती पर आज हमलोग यहां इकट्ठा हुए है। उन्होंने कहा कि इनके प्रेरणादाई जीवन से बहुत कुछ सीखा जा सकता है।
इधर, महामंत्री ललन मंडल ने भी जगजीवन राम के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जगजीवन राम के विचार और संघर्ष हमे सदैव प्रेरित करते रहेंगे। सभी वक्ताओं ने महान सम्राट अशोक के व्यक्तित्व को भी रेखांकित किया।