Kaushlendra Pandey /पटना, 10 अप्रैल/ बिहार भाजपा ‘भारत रत्न’ भीमराव अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है। इसे लेकर बड़े स्तर पर कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती सम्मान अभियान कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन कार्यक्रम के राष्ट्रीय संयोजक तरुण चुग और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस कार्यशाला में बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, सहित बिहार के कई मंत्री, प्रदेश के केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक, विधान पार्षद और प्रदेश के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
चार सत्रों में चले इस कार्यशाला में विभिन्न वक्ताओं ने प्रमुखता से भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर के कृतियों की व्याख्या की और उन्हें रेखांकित किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि बिहार भाजपा बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर जयंती को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है। इसको लेकर प्रदेश स्तर से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के आदर्शों और कार्यों से सीखकर राष्ट्र की सेवा करने की प्रेरणा और बलवती होती है। आज भाजपा प्रदेश कार्यालय के अटल सभागार में संविधान निर्माता ‘भारत रत्न’ डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान की प्रदेश कार्यशाला का आयोजन किया गया।
उन्होंने कहा कि भाजपा भीमराव अंबेडकर और उनके आदर्शों का सम्मान करती है। बाबा साहेब ने देश के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है और उनसे प्रेरणा लेकर हम सबको भी निरंतर अपने राष्ट्र के सशक्तिकरण के लिए कार्य करना है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार-बार कहा है कि देश का संविधान हमारे लिए सर्वोपरि है और हम कभी इस पर आंच नहीं आने देंगे। इसके अतिरिक्त मोदी सरकार ने एक ओर जहाँ बाबासाहेब से संबंधित पांच स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया। जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35-ए को निरस्त कर वहां के दलितों को भी समान अधिकार दिलाने का कार्य किया है।
बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब की जयंती को लेकर कई कार्यक्रम बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब की जयंती पर 13 अप्रैल से 25 अप्रैल तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जन-जन को बताएगी कि इंडी गठबंधन के नेताओं ने किस तरह काका कालेकर रिपोर्ट जो वंचितों को अधिकार और आरक्षण देने के लिए बनी थी उसका विरोध किया।
उन्होंने कहा कि मंडल कमीशन का भी इन्होंने विरोध किया था। यह इतिहास का तथ्य है। यह सत्य है कि इंडी गठबंधन के लोग संविधान और बाबा साहेब का बार-बार अपमान करते रहे हैं और हमेशा वंचितों के अधिकारों का विरोध किया है।
इधर, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि भाजपा ने सदैव ‘भारतीय संविधान’ और संविधान रचयिता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का सम्मान किया है जबकि कांग्रेस पार्टी और इसके नेताओं ने हमेशा संविधान और इसके रचयिता का अपनी वाणी और कर्म दोनों से उल्लंघन और उपहास ही किया है।
कांग्रेस ने 1952 और 1954 में डॉ. अंबेडकर को चुनाव हरवाया। यहां तक कि तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू स्वयं उनके खिलाफ प्रचार करने गए। स्वतंत्रता के पश्चात देश पर सबसे अधिक समय तक राज करने वाली कांग्रेस ने गांधी परिवार के प्रत्येक सदस्य को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया परंतु संविधान रचयिता बाबा साहेब की उन्हें कभी याद नहीं आई। 1990 में भाजपा समर्थित सरकार द्वारा ही डॉ. अंबेडकर को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर प्रदेश महामंत्री शिवेश राम, कार्यक्रम प्रभारी लालबाबू गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष पाठक, पूर्व उपाध्यक्ष पिंकी कुशवाहा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा सुबोध पासवान सहित कई पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।