Kaushlendra Pandey/नई दिल्ली/पटना।
बिहार की सियासत में बड़ा मोड़ आया है। आगामी विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर विपक्षी खेमे में महत्वपूर्ण सहमति बनी है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव की एक अहम बैठक में बिहार चुनाव साथ मिलकर लड़ने पर सहमति बन गई है।
बैठक में तय किया गया कि कांग्रेस और राजद राज्य में संयुक्त रूप से चुनावी रणनीति बनाएंगे और सीटों के बंटवारे से लेकर प्रचार अभियान तक, एक साझा मंच पर काम करेंगे। इस गठबंधन को भाजपा और NDA के खिलाफ एक मजबूत विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।
तेजस्वी यादव ने बैठक के बाद कहा, “हमारा लक्ष्य बिहार को विकास की नई राह पर ले जाना है। भाजपा सरकार ने युवाओं को बेरोजगारी, किसानों को बदहाली और आम जनता को महंगाई की आग में झोंका है। अब समय बदलाव का है।”
राहुल गांधी ने भी गठबंधन को “संविधान बचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई” का हिस्सा बताया। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने कहा कि पार्टी पूरे समर्पण के साथ बिहार में गठबंधन धर्म निभाएगी और मजबूत विकल्प पेश करेगी।
इस ऐलान के साथ ही बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है और विपक्ष ने एक बार फिर भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
Country Inside News Agency की विशेष रिपोर्ट।