झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को साथ धोखा… आजसू ने छोड़ा साथ
संपादक – प्रिया सिन्हा
झारखंड विधानसभा चुनाव नज़दीक है और ऐसे में भाजपा को बड़ा झटका लग गया है… दरअसल, भाजपा और उसकी सहयोगी पार्टी आजसू का गठबंधन टूट गया है। वहीं, दोनों पार्टियों में सीट बंटवारे पर सहमति ना बनने के बाद यह गठबंधन टूट गया है। बता दें कि अब भाजपा प्रदेश की 80 सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी।
चौंका देने वाली बात यह हुई कि भाजपा की सहयोगी आजसू ने बिना भाजपा से बात किए 12 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान कर दिया था। यही नहीं, इनमें तीन सीटों पर भाजपा ने भी उम्मीदवारों की घोषणा की थी। हालांकि इससे पहले लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भी भाजपा से दूर होने की घोषणा की थी।
गौरतलब है कि पार्टी ने साफ कहा था कि वह झारखंड विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी। लोजपा के अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी ने गठबंधन से जिन सीटों की मांग की थी, उनमें से अधिकांश सीटों पर भाजपा, उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। ऐसे में उनकी पार्टी राज्य में विधानसभा चुनाव अकेले ही लड़ेगी।
चिराग पासवान का कहना है कि लोजपा इस बार ‘टोकन के रूप में दी जाने वाली सीटों’ को स्वीकार नहीं करने वाली है। उन्होंने कहा कि हमने गठबंधन के तहत छह सीटों की मांग की थी पर इन सभी सीटों के बारे में रविवार को भाजपा द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है।
बताते चलें कि भाजपा नेताओं का मानना है कि क्षेत्रीय दल के पास राज्य में मतदाताओं को देने के लिए कुछ खास नहीं है। भाजपा और लोजपा बिहार में गठबंधन सहयोगी हैं। बिहार में भाजपा की अन्य सहयोगी जद(यू) ने भी झारखंड चुनाव में अकेले उतरने का एलान किया था।