जनता दल यूनाइटेड अधिवक्ता समागम के जरिए वकीलों को करेगा एकजुट, 26 अप्रैल को पटना में होगा आयोजन
पटना। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) अब वकीलों को एकजुट कर पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती देने की दिशा में अग्रसर है। इसी कड़ी में जदयू विधि प्रकोष्ठ की ओर से एक भव्य “अधिवक्ता समागम” का आयोजन किया जा रहा है, जो आगामी 26 अप्रैल (शनिवार) को पटना स्थित जदयू के प्रदेश कार्यालय सभागार में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जदयू विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और पटना उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. आनंद कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। उन्होंने बताया कि इस समागम का उद्देश्य बिहार भर के अधिवक्ताओं को एक साझा मंच पर लाना है, ताकि विधिक मुद्दों पर समन्वय स्थापित हो सके और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त किया जा सके।
डॉ. कुमार ने बताया कि अधिवक्ता समागम में पटना हाईकोर्ट सहित राज्य के विभिन्न जिलों से सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता शामिल होंगे। यह आयोजन वकीलों के बीच आपसी संवाद, विचार-विमर्श और संगठनात्मक दिशा तय करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा।
उन्होंने आगे कहा कि जदयू हमेशा से सामाजिक न्याय और विधि व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्ध रही है। इस समागम के माध्यम से पार्टी यह संदेश देना चाहती है कि अधिवक्ता समाज पार्टी की रीढ़ हैं और उनके सुझावों व योगदान से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जदयू विधि प्रकोष्ठ के पदाधिकारी कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं। समागम के दौरान कई प्रमुख वक्ता अधिवक्ताओं को संबोधित करेंगे और जदयू की नीतियों व विजन पर प्रकाश डालेंगे। Jdu प्रवक्ता अंजूम आरा, अधिवक्ता राजीव रंजन, प्रियरंजन पटेल मौजूद रहे.