Kaushlendra Pandey/पटना, 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पथ निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ परियोजना के विस्तार को लेकर विशेष चर्चा की।
बैठक में जानकारी दी गई कि दीघा से दीदारगंज तक जेपी गंगा पथ का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इस मार्ग पर आम लोगों का आवागमन भी सुगम हो गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि इस परियोजना का विस्तार पश्चिम में बक्सर तक और पूरब में मोकामा तक शीघ्र किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जेपी गंगा पथ के बक्सर से मोकामा तक विस्तारित होने से उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच की दूरी और कम होगी तथा आवागमन में तेजी आएगी। इससे आर्थिक गतिविधियों को भी बल मिलेगा और आम जनों को बेहतर सड़क संपर्क की सुविधा प्राप्त होगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए ताकि लोग शीघ्र इसका लाभ उठा सकें।




























