स्थान: पटना, बिहार
रिपोर्टर: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी
बिहार में शराबबंदी कानून के तहत ताड़ी को प्रतिबंधित रखने के फैसले पर सियासी घमासान तेज हो गया है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने स्पष्ट कहा कि शराबबंदी कानून बनाते समय ही उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से ताड़ी को बाहर रखने की मांग की थी।
तेजस्वी यादव ने बीजेपी नेताओं पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि बिहार में अवैध शराब की तस्करी में भारतीय जनता पार्टी के नेता खुद संलिप्त हैं। उन्होंने दावा किया कि आरा में तीन लोगों की हत्या के मामले में भी एक बीजेपी नेता शामिल है। तेजस्वी ने आगे कहा कि राज्य में अवैध हथियार रखने और बलात्कार जैसी गंभीर घटनाओं में भी बीजेपी नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है।
तेजस्वी यादव ने कहा, “बीजेपी के लोग खुद अवैध शराब का धंधा कर रहे हैं, फिर भी हम पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। जब कानून बना था, हमने तभी ताड़ी को शराबबंदी से बाहर रखने की बात उठाई थी। आज भाजपा नेता केवल मुद्दा भटकाने का प्रयास कर रहे हैं।”





























