बिहार के शहरी विकास को नई गति, 1002 करोड़ की लागत से 1327 योजनाओं का शिलान्यास
पटना – पटना के गांधी मैदान स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आज एक ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के तहत 1327 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। इन योजनाओं की कुल लागत 1002 करोड़ रुपए है। कार्यक्रम का आयोजन बिहार शहरी आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BUIDCO) द्वारा किया गया।
इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य राज्य के सभी नगरों में आधारभूत सुविधाओं को सशक्त बनाना है। इसमें जल निकासी, सड़क, स्ट्रीट लाइट, पार्क, पेयजल आपूर्ति और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन जैसे प्रमुख क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना पर आधारित एक विशेष विवरणिका (ब्रोशर) का भी विमोचन किया गया, जिसमें योजना की प्रमुख विशेषताओं, कार्यों और लक्ष्यों का उल्लेख किया गया है।
राज्य सरकार का मानना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहरी जीवन स्तर में सुधार होगा, साथ ही स्वच्छ, सुरक्षित और स्मार्ट शहरों के निर्माण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा।