कौशलेन्द्र पाण्डेय | सियोल/नई दिल्ली/आतंकवाद के खिलाफ भारत की अडिग प्रतिबद्धता: दक्षिण कोरिया दौरे पर पहुंचे सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने विदेश मंत्री चो ते-युल से की मुलाकात
भारत की आतंकवाद के खिलाफ अटूट प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए, सांसद श्री संजय कुमार के नेतृत्व में एक सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल ने 26 मई, 2025 को दक्षिण कोरिया (ROK) के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों, विदेश मंत्री श्री चो ते-युल, प्रमुख सांसदों, थिंक टैंक प्रतिनिधियों और मीडिया से महत्वपूर्ण मुलाकातें कीं।
प्रतिनिधिमंडल ने भारत की ओर से स्पष्ट रूप से दोहराया कि देश आतंकवाद के किसी भी रूप और अभिव्यक्ति का कड़ा विरोध करता है और उसके खिलाफ कठोर एवं ठोस कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, क्षेत्रीय सुरक्षा, और वैश्विक आतंकवाद के खात्मे के लिए साझा प्रयासों पर गहन चर्चा हुई।
दक्षिण कोरियाई थिंक टैंक्स और मीडिया के साथ संवाद के दौरान भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने भारत की ‘जीरो टॉलरेंस टू टेररिज़्म’ की नीति को रेखांकित किया और इस वैश्विक संकट से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय एकजुटता की आवश्यकता पर बल दिया।
भारत और दक्षिण कोरिया के बीच यह राजनयिक संवाद न केवल द्विपक्षीय संबंधों को सुदृढ़ करता है, बल्कि वैश्विक मंच पर आतंकवाद के खिलाफ साझा रणनीति विकसित करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


























