कौशलेन्द्र पाण्डेय | पटना/पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का प्रधानमंत्री मोदी ने किया उद्घाटन, बिहटा एयरपोर्ट सिविल एनक्लेव का किया शिलान्यास | मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा – बिहार को मिलेगी नई उड़ान
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा के नवनिर्मित टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने बिहटा हवाई अड्डे में नए सिविल एनक्लेव के निर्माण कार्य का शिलान्यास भी किया। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर ट्वीट करते हुए कहा:
“जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा, पटना के नए टर्मिनल भवन के निर्माण तथा बिहटा हवाई अड्डे के नए सिविल एनक्लेव के शिलान्यास से बिहार में हवाई संपर्कता और पर्यटन क्षेत्र को और अधिक बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राज्य में आर्थिक वृद्धि और समग्र विकास को भी गति मिलेगी।”
पटना एयरपोर्ट पर बने नए टर्मिनल भवन में अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा और एयर ट्रैफिक की क्षमता में भी वृद्धि होगी। वहीं, बिहटा एयरपोर्ट पर सिविल एनक्लेव बनने से पटना के हवाई यातायात का बोझ कम होगा और पश्चिमी पटना व आसपास के क्षेत्रों को सीधा हवाई संपर्क प्राप्त होगा।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बिहार की कनेक्टिविटी को मजबूत करना केंद्र सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि इन दोनों परियोजनाओं से न केवल बिहार को देश के अन्य हिस्सों से बेहतर जोड़ा जाएगा, बल्कि राज्य के पर्यटन, व्यापार और निवेश की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।
यह परियोजनाएं बिहार के विकास को नई दिशा देने वाली साबित होंगी।



























