सागर संरक्षण को लेकर भारत और यूनेस्को के बीच अहम बैठक, वैश्विक सहयोग को लेकर हुआ मंथन
कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी | नई दिल्ली/संयुक्त राष्ट्र महासागर सम्मेलन के दौरान केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह और यूनेस्को के विशेष दूत विदार हेल्गेसन के बीच एक द्विपक्षीय बैठक हुई, जिसमें महासागरों के संरक्षण और वैश्विक महासागर अवलोकन क्षमताओं को बढ़ाने पर केंद्रित चर्चा हुई।
इस बैठक में भारत ने यह स्पष्ट किया कि वह उपग्रह आधारित तकनीकों और इन-सिटू (in-situ) निगरानी प्रणालियों के माध्यम से महासागर संरक्षण में वैश्विक योगदान देने को प्रतिबद्ध है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत महासागरों के स्वास्थ्य और सतत विकास को लेकर गंभीर है और विश्व समुदाय के साथ मिलकर काम करने को तैयार है। भारत ने महासागर डेटा साझाकरण और वैज्ञानिक सहयोग बढ़ाने की भी वकालत की।
यह बैठक फ्रांस में आयोजित UN Ocean Conference के दौरान हुई, जहां भारत ने वैश्विक समुद्री सहयोग को मजबूत करने की पुरजोर अपील की। भारत की ओर से कहा गया कि महासागरों के सतत प्रबंधन के लिए वैश्विक स्तर पर समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)