“प्राणप्रिय आदरणीय श्री लालू प्रसाद जी को अवतरण दिवस की अनंत बधाईयाँ, आपको हमारी भी उम्र लग जावे” – पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का भावुक ट्वीट
पटना से कौशलेन्द्र पाण्डेय की रिपोर्टःराष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के 78वें जन्मदिवस पर बधाइयों का तांता लग गया है। इस खास अवसर पर उनकी धर्मपत्नी और बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भावुक ट्वीट करते हुए लिखा –
“प्राणप्रिय आदरणीय श्री लालू प्रसाद जी को अवतरण दिवस की अनंत बधाईयाँ। आपको हमारी भी उम्र लग जावे।”
राबड़ी देवी के इस ट्वीट ने सोशल मीडिया पर भावनात्मक लहर पैदा कर दी है। पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर आम जनता तक, हर कोई इस अवसर पर लालू प्रसाद यादव के दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना कर रहा है।
इस मौके पर #HappyBirthdayLaluJi, #LaluYadav और #RJD जैसे हैशटैग सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं। राजद कार्यालय और पूरे बिहार में समर्थकों द्वारा हवन, पूजा-पाठ, केक काटने और सेवा कार्यों के माध्यम से जन्मदिन मनाया जा रहा है।
लालू यादव का राजनीतिक सफर भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान रखता है। सामाजिक न्याय के मुद्दे पर उन्होंने बिहार की राजनीति को नई दिशा दी और पिछड़े वर्ग की आवाज को मुखर किया।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी | पटना)