रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी ब्यूरो/सिवान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सिवान यात्रा और उनके भाषण पर राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजद के प्रदेश प्रवक्ता एजाज अहमद ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में जमीनी मुद्दों को नजरअंदाज कर सिर्फ जुमलेबाजी की और धर्म की राजनीति को हवा देने का काम किया।
एजाज अहमद ने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी का भाषण बिहार के असली मुद्दों से भटकाने वाला था। उन्होंने न बेरोजगारी की बात की, न शिक्षा-स्वास्थ्य की, न ही किसानों की समस्याओं का कोई जिक्र किया। सिर्फ भावनाओं को भड़काने और जनता को गुमराह करने का काम किया गया। भाजपा की यही पुरानी रणनीति है – जुमलेबाजी और धर्म की राजनीति।”
राजद नेता ने यह भी कहा कि जनता अब सब समझ चुकी है और 2025 में भाजपा को करारा जवाब देगी। उन्होंने कहा कि राजद जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में है और हर मोर्चे पर भाजपा की असलियत उजागर करता रहेगा।
राजद की इस प्रतिक्रिया से स्पष्ट है कि पार्टी प्रधानमंत्री की सिवान यात्रा को लेकर पूरी तरह हमलावर मूड में है और इसे चुनावी राजनीति के नजरिए से देख रही है।





























