Kaushlendra Pandey/पटना, 27.06.2025/21 अगस्त 2025 को होगा बापू सभागार हॉल में शताब्दी समारोह का आयोजन.अब्दुस सलाम अंसारी, सचिव बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड ने प्रेस रिलिज जारी कर बताया है कि दिनांक-23 जून 2025 को बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड की नवगठित बोर्ड की पहली बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर अध्यक्ष मदरसा बोर्ड, श्री सलीम परवेज़ ने सभी सदस्यों का स्वागत किया और साथ ही एक स्वर में सभी को मदरसों और मदरसा बोर्ड के कल्याण के लिए काम करने की सलाह दी। इसके साथ ही बैठक में मदरसा के शिक्षकों और अध्ययनरत छात्र-छात्राओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई और मदरसों के कल्याण और छात्रों के उज्ज्वल भविष्य के लिए रणनीति पर भी चर्चा की गई और इसे लागू करने का भी निर्णय लिया गया है। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने सभी सदस्यों को जानकारी दी कि बिहार राज्य मदरसा शिक्षा बोर्ड ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं. इसलिए उनकी हार्दिक इच्छा है कि मदरसा बोर्ड का शताब्दी समारोह आयोजित किया जाए ताकि इस समारोह के माध्यम से आम जनता खासकर मदरसा से जुड़े लोगों को मदरसा बोर्ड के 100 साल के इतिहास से अवगत कराया जा सके। उन्हें बताया जा सके कि मदरसा बोर्ड ने अपनी स्थापना के 100 वर्षों में कितने उत्तार-चढ़ाव देखे हैं। इन सभी पढ़ावों को पार करते हुए मदरसा बोर्ड आज एक सुदृढ़ संस्था का रूप ले चुका है। सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी सहमति व्यक्त की और यह भी आश्वासन दिया कि इस समारोह के आयोजन में हमारा पूरा सहयोग रहेगा और इसे बहुत बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा।
मदरसा बोर्ड के सचिव श्री अब्दुस सलाम अंसारी ने आगे बताया कि शताब्दी समारोह 21 अगसा 2025 को बापू सभागार पटना में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पटना, बापू सभागार को आरक्षित कर लिया गया है। समारोह में बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के भाग लेने की उम्मीद है। बोर्ड के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समारोह की तैयारी से संबंचित जिम्मेदारियां दी गई है। पूरा मदरसा परिवार जोश के साथ तैयारी में लगा हआ है। इस समारोह में न केवल बिहार राज्य बल्कि पूरे देश के मदरसा से जुड़े लोग भाग लेंगे। बताया गया कि इस समारोह में उन छात्रों को भी सम्मानित किया जाएगा जो मदरसा बोर्ड से शिक्षा प्राप्त कर उच्च पदों पर आसीन हैं और देश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। अंत में मदरसा बोर्ड के सचिव श्री अब्दुस सलाम अंसारी ने बिहार राज्य की अवाम्म, खासकर मदरसा से जुड़े लोगों से अनुरोध किया है कि वे 21 अगस्त 2025 को समारोह में बड़ी संख्या में भाग लें और इस शताब्दी समारोह को सफल बनाएँ।



























