Kaushlendra Pandey/पटना स्थित पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को आज नया कुलपति मिल गया है। टीपीएस कॉलेज, पटना के पूर्व प्राचार्य प्रो. (डॉ.) उपेंद्र प्रसाद सिंह को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। इस संबंध में राज्यपाल सह कुलाधिपति के प्रधान सचिव रॉबर्ट आर. चोंग्थू ने 3 जुलाई 2025 को अधिसूचना जारी की।
प्रो. सिंह का कार्यकाल नियुक्ति की तिथि से अगले तीन वर्षों तक रहेगा। गौरतलब है कि वे 31 मई 2025 को टीपीएस कॉलेज से सेवानिवृत्त हुए थे। कुलपति चयन समिति की अनुशंसा के बाद उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिसूचना जारी होते ही प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह ने आज ही कुलपति पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया।
प्रो. उपेंद्र प्रसाद सिंह न केवल एक वरिष्ठ शिक्षाविद् रहे हैं, बल्कि उन्हें कॉलेज के छात्रसंघ द्वारा इस वर्ष ‘विदाई सह सम्मान समारोह’ में विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया था। वे पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय प्रधानाचार्य संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
इससे पहले पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति के रूप में प्रोफेसर शरद कुमार यादव कार्यरत थे। अब स्थायी कुलपति के रूप में प्रो. सिंह की नियुक्ति से विश्वविद्यालय प्रशासन को एक स्थिर नेतृत्व मिला है।
यह नियुक्ति बिहार के उच्च शिक्षा जगत के लिए एक महत्वपूर्ण विकास मानी जा रही है।
#PatliputraUniversity #UpendraPrasadSingh #ViceChancellor #TPSCollegePatna #BiharEducation #CountryInsideNewsAgency



























