Kaushlendra Pandey/पटना: आज पटना में INDIA गठबंधन की मुख्य समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, मतदाता सूची पुनरीक्षण, प्रस्तावित जनसंपर्क यात्रा, एनडीए सरकार की जनविरोधी नीतियों, बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बेलगाम महाघोटालों और बढ़ते भ्रष्टाचार पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष श्री तेजस्वी यादव ने की। उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है — न तो जनता को न्याय मिल रहा है, न ही राज्य में कानून का शासन बचा है। बेलगाम भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही ने राज्य की स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बना दिया है।
गठबंधन नेताओं ने तय किया कि आने वाले हफ्तों में राज्यभर में जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और जनता को सरकार की नाकामियों से अवगत कराया जाएगा। साथ ही मतदाता सूची में हो रही गड़बड़ियों पर भी गंभीर चिंता जताते हुए निर्वाचन आयोग से निष्पक्ष और पारदर्शी पुनरीक्षण की मांग की गई।
बैठक में राजद, कांग्रेस, वाम दलों और अन्य घटक दलों के प्रमुख नेता शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है और INDIA गठबंधन राज्य में एक मजबूत और संवेदनशील विकल्प प्रस्तुत करेगा।
#TejashwiYadav #INDIA #Bihar #महाघोटाला #भ्रष्टाचार #बदलाव
(रिपोर्ट – कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी, पटना)





























