Kaushlendra Pandey -रांची ब्यूरो, 13 अगस्त।आजादी के अमृत महोत्सव के तहत गृह मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे अभियान को आगे बढ़ाते हुए ग्रुप केन्द्र, सीआरपीएफ, रांची की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
ग्रुप केन्द्र के डीआईजी श्री डी.एन. लाल के नेतृत्व में यह यात्रा ग्रुप केन्द्र कैंपस से बालालौंग चौक तक निकाली गई, जिसमें 350 फीट लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण रहा। इस यात्रा में ग्रुप केन्द्र, रेंज रांची, संयुक्त अस्पताल, 6वीं सिग्नल, शस्त्र कार्यशाला, वीआईपी सुरक्षा बटालियन के अधिकारी, जवान, उनके परिवारजन और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यात्रा के दौरान सीआरपीएफ कर्मियों ने रास्ते में मिलने वाले नागरिकों को तिरंगा झंडा वितरित किया और इसके महत्व की जानकारी दी। पूरा माहौल “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
अपने संबोधन में डीआईजी श्री डी.एन. लाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस साहस, वीरता, निष्ठा और राष्ट्रप्रेम का पर्व है। इस वर्ष भी हर घर तिरंगा अभियान को जोर-शोर से आगे बढ़ाते हुए तिरंगा साइकिल यात्रा, पद यात्रा, बाइक रैली और झंडा वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने कहा कि यह स्वतंत्रता अनगिनत कुर्बानियों का परिणाम है, जिसे हमें सदैव संजोकर रखना चाहिए।
इस अवसर पर रेंज रांची के डीआईजी श्री सुनील कुमार ने अपने अधिकारियों के साथ विशेष योगदान दिया। वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्राचार्य श्री ललन कुमार के निर्देशन में बच्चों ने नागरिकों को देशप्रेम और तिरंगे के महत्व के प्रति जागरूक किया।

























