Kaushlendra Pandey।वोटर अधिकार यात्रा के तहत बिहार की सड़कों पर रविवार को जबरदस्त जोश और उत्साह देखने को मिला। विपक्ष के नेता राहुल गांधी और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने साथ मिलकर बाइक रैली निकाली। इस दौरान सड़क किनारे खड़े हजारों लोग नारे लगाते और काफिले में शामिल होते नजर आए।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गगनभेदी नारे लगाए—
“अत्याचार करो, SIR करो, FIR करो… ना डरेंगे, ना झुकेंगे… हर कीमत पर जनता के लिए लड़ेंगे।”
राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार की जनता का वोट और अधिकार किसी कीमत पर छीना नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि देश और लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह यात्रा एक आंदोलन का रूप ले चुकी है और जनता के हक के लिए संघर्ष हर कीमत पर जारी रहेगा।
तेजस्वी यादव ने भाजपा और एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जनता के वोट की चोरी लोकतंत्र के साथ विश्वासघात है। वहीं राहुल गांधी ने जनता से अपील की कि वे अपने अधिकारों के लिए डटकर खड़े हों और किसी भी अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएं।
इस बाइक रैली में बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए। जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर नेताओं का स्वागत किया। माहौल पूरी तरह से चुनावी रंग में रंगा नजर आया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि बिहार में इस तरह की रैलियां विपक्षी दलों के लिए एकजुटता का प्रतीक बन रही हैं और इसका सीधा असर 2025 विधानसभा चुनाव पर देखने को मिल सकता है।




























