नई दिल्ली, 24 अगस्त (कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)।भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान के तहत चयनित चार गगनयात्रियों— ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, ग्रुप कैप्टन पी.बी. नायर, ग्रुप कैप्टन अजीत कृष्णन और ग्रुप कैप्टन अंगद प्रताप—को रविवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में सम्मानित किया।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने कहा कि “हमारे गगनयात्री भारत की आकांक्षाओं के अग्रदूत हैं। यह केवल वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों का प्रतिनिधित्व है।”
उन्होंने कहा कि भारत अंतरिक्ष को केवल अनुसंधान का क्षेत्र नहीं मानता, बल्कि इसे भविष्य की अर्थव्यवस्था, सुरक्षा, ऊर्जा और मानवता से भी जोड़कर देखता है। गगनयान मिशन से भारत न केवल अंतरिक्ष तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा बल्कि वैश्विक अंतरिक्ष समुदाय में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
गगनयान मिशन का उद्देश्य भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को पृथ्वी की निम्न कक्षा (Low Earth Orbit) में भेजना है। इस मिशन के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) पूरी क्षमता के साथ तैयारियों में जुटा है।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)






















