पटना, 25 अगस्त। बिहार के 14 विधानसभा क्षेत्रों में आज एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में एनडीए के कार्यकर्ताओं ने जोश के साथ हिस्सा लिया और बिहार में एक बार फिर एनडीए की सरकार बनाने का भरोसा अपने नेतृत्व को दिया।
विधानसभावार कार्यकर्ता सम्मेलन में उजियारपुर में जहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया, वहीं उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कटोरिया और विजय सिन्हा बोचहा में कार्यकर्ताओं में जोश भरा। चनपटिया में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, अमनौर में सांसद संजय जायसवाल, जमुई में मंत्री मंगल पांडेय और बनमनखी में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इसके अलावा बिहारीगंज, कुचायकोट, नरकटिया, करगहर, रानीगंज, महुआ और लौकहा में भी एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें एनडीए के दिग्गज नेताओं ने शिरकत की।
उजियारपुर में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने कहा कि एनडीए के पास नीति भी है, नेता भी है और बिहार को विकसित करने की नियत भी है। हमने 2005 के बाद बिहार में विकास कर दिखाया है।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार के विकास ने नई करवट ली है और अब हम विकसित बिहार बनाने को लेकर आगे बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक करोड़ बिहार के लोगों को नौकरी और रोजगार देने का वादा किया है।
भाजपा अध्यक्ष डॉ. जायसवाल ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और प्रदेश के विकास कार्यों को लेकर लोगों के घरों तक जाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज हम गर्व महसूस करते हैं कि हम ऐसे दल के कार्यकर्ता हैं जिसने जो कहा, वह कर के दिखाया है।
उन्होंने आगे कहा कि एनडीए का मुख्य आधार बिहार की तरक्की की राह है। आज सुशासन के जरिए बिहार में हमने विकास कर दिखाया है और यही हमारी पूंजी है। एनडीए सरकार में समाज के हर वर्ग और हर धर्म का उत्थान समाहित है। हमारे लिए पूरा बिहार एक परिवार है और हम इसके विकास के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में विकास की नई गाथा लिखी है.





























