नई दिल्ली। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान की अध्यक्षता में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (IITs) की परिषद् की 56वीं बैठक का आयोजन आईआईटी दिल्ली में किया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री के ‘आत्मनिर्भरता से समृद्ध भारत’ के विज़न को आगे बढ़ाने का सर्वसम्मति से संकल्प लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि आईआईटी देश में नवाचार और आत्मनिर्भरता को गति देने में #QuantumLeap की भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि आज आईआईटी केवल शैक्षणिक संस्थान नहीं रहे, बल्कि विकास के इंजन बन चुके हैं।
मंत्री ने जानकारी दी कि आईआईटी के इकोसिस्टम से अब तक 6000 से अधिक स्टार्ट-अप्स, 56 यूनिकॉर्न और लगभग 5000 पेटेंट सामने आए हैं, जो भारत की नई तकनीकी और औद्योगिक क्रांति की दिशा तय कर रहे हैं।
आईआईटी परिषद की इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय और विभिन्न आईआईटी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और भविष्य की रणनीति पर विचार-विमर्श किया।
(कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)





























