Kaushlendra Pandey/पटना, 07 सितम्बर 2025/‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ के तहत आवेदन प्रक्रिया के शुभारंभ पर जनता दल (यू०) के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने रविवार को बयान जारी करते हुए कहा कि नीतीश सरकार द्वारा यह ऐतिहासिक पहल न केवल महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक निर्णायक कदम है, बल्कि यह प्रदेश की आर्थिक क्रांति का एक सशक्त वाहक बनकर बिहार के समग्र विकास को नए आयाम प्रदान करेगी।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने पिछले 20 वर्षों में महिला सशक्तिकरण का अनूठा उदाहरण स्थापित किया है, जिसकी गूंज आज देशभर में सुनाई देती है। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की शुरुआत की है, जो आने वाले समय में प्रदेश की आधी आबादी के सपनों को नई उड़ान देने का कार्य करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह भी बताया कि इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का व्यवसाय शुरू करने के लिए इसी सितंबर माह में ₹10,000 की प्रारंभिक सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही व्यवसाय को स्थायी और सशक्त बनाने के लिए छह माह के पश्चात ₹2 लाख तक की अतिरिक्त सहायता सीधे महिला के बैंक खाते में स्थानांतरित की जाएगी। यह योजना महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती प्रदान करेगी और गरीबी उन्मूलन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश सरकार की यह दूरदर्शी योजना महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ेगी और उन्हें स्वावलंबी बनाने में अहम भूमिका निभाएगी, जिससे न केवल एक परिवार, बल्कि पूरे प्रदेश को विकास को नई गति मिलेगी।





























