पटना, 11 सितम्बर 2025/ गुरुवार को जनता दल (यू0) प्रदेश कार्यालय, पटना के कर्पूरी सभागार में प्रदेश अध्यक्ष श्री उमेश सिंह कुशवाहा की अध्यक्षता में पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस दौरान ‘‘2025 में 225 फिर से नीतीश’’ के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से पार्टी की आगामी कार्ययोजना और रणनीतियों पर गहन चर्चा हुई। विशेष रूप से बूथ स्तर पर पार्टी संगठन को सशक्त बनाने, जमीनी स्तर पर समन्वय को मजबूती प्रदान करने और नीतीश सरकार की 20 वर्षों की उल्लेखनीय विकासात्मक उपलब्धियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने हेतु कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए।
इस मौके पर मुख्य रूप से विधानपरिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता सह पार्टी कोषाध्यक्ष श्री ललन कुमार सर्राफ, मुख्यसचेतक श्री संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, पूर्व सांसद सह अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष श्री चंदेशवर प्रसाद चंद्रवंशी, प्रो नवीन आर्य चंद्रवंशी, श्री बैद्यनाथ प्रसाद सिंह विकल, श्री अनिल कुमार मौजूद रहे।
श्री उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि नीतीश सरकार ने पिछले 20 वर्षों में बिहार का कायाकल्प करते हुए समाज के प्रत्येक तबके और सभी क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि प्रदेश की जनता की गहरी अपेक्षा अब भी केवल नीतीश सरकार से जुड़ी है। प्रदेश अध्यक्ष ने सभी पार्टी पदाधिकारियों को संकल्पबद्ध किया कि आगामी विधानसभा चुनाव बिहार के स्वर्णिम भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। हर पदाधिकारी को पूर्ण निष्ठा और मजबूती के साथ ‘2025 में 225 फिर से नीतीश’ के संकल्प को साकार करना है।
उन्होंने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को गरीबी उन्मूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया, जो महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें गरीबी के दुष्चक्र से बाहर निकालने में सक्षम सिद्ध होगी। साथ ही, 125 यूनिट तक की मुफ्त बिजली योजना को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए बड़ा आर्थिक राहत कदम बताते हुए कहा कि इससे उनके जीवन यापन में विशेष सहूलियत आई है। अतः पार्टी के हर कार्यकर्ता को यह जिम्मेदारी लेते हुए इन उपलब्धियों एवं अन्य विकास निर्णयों की सटीक जानकारी हर मतदाता तक पहुँचानी है, ताकि जनता का विश्वास और समर्थन आगामी चुनाव में और भी सुदृढ़ हो।



























