प्रिय सिन्हा -नई दिल्ली ब्यूरो। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली के नौरोजी नगर स्थित वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) के नए अत्याधुनिक कार्यालय का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत स्वच्छ, हरित और आत्मनिर्भर ऊर्जा भविष्य की ओर तेज़ी से कदम बढ़ा रहा है और IGL इस यात्रा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
मंत्री पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 11 वर्षों में देश के गैस एवं ऊर्जा क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं। जहां 2014 से पहले देश में केवल 14 करोड़ एलपीजी कनेक्शन थे, वहीं आज यह संख्या बढ़कर 33 करोड़ से अधिक हो चुकी है। इसी तरह, प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क भी लगभग 14,000 किमी से बढ़कर 22,500 किमी से अधिक हो गया है।
इस मौके पर IGL और जेनेसिस गैस सॉल्यूशंस के संयुक्त प्रयास से बने स्मार्ट गैस मीटर निर्माण संयंत्र का भी उद्घाटन किया गया। यह संयंत्र प्रति वर्ष करीब 10 लाख स्मार्ट और प्रीपेड मीटर का उत्पादन करने में सक्षम होगा और अक्टूबर 2025 से इसका संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
पुरी ने बताया कि IGL ने राजधानी दिल्ली के 250 से अधिक ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप्ड नैचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का विस्तार किया है, जिससे 1 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को स्वच्छ रसोई ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। आज IGL के पास 956 से अधिक CNG स्टेशन हैं, जो देश के कुल सीएनजी नेटवर्क का लगभग 12 प्रतिशत है। कंपनी 30.7 लाख से अधिक घरों को पाइप्ड गैस उपलब्ध करा रही है और प्रतिदिन 22 लाख वाहनों को सीएनजी की आपूर्ति करती है।
भविष्य की योजनाओं का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि देश की ऊर्जा यात्रा में बायोगैस, LNG, हाइड्रोजन मिश्रित CNG, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग और स्वैपिंग जैसे नए विकल्प शामिल होंगे। IGL ने फिलहाल 40 स्थानों पर EV चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित कर दिए हैं और इसे और विस्तार देने की योजना पर काम कर रही है।
मंत्री पुरी ने कहा, “यह नया कार्यालय सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि भारत की स्वच्छ ऊर्जा क्रांति का प्रतीक है। IGL की यह पहल देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की ओर ले जाने में एक मील का पत्थर साबित होगी।”
📰 रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी


























