Kaushlendra Pandey/पटना ब्यूरो। बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने बुधवार को 1, अणे मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास से “वासंतिक (रबी) महाभियान 2025-26” का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसान जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राज्य के सभी जिलों में जाकर किसानों को कृषि से संबंधित आधुनिक तकनीकों और योजनाओं की जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कृषि को आत्मनिर्भर और लाभदायक बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अभियान के माध्यम से किसानों को खेती से जुड़ी नई तकनीकों, वैज्ञानिक तरीकों और विभागीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया जाएगा ताकि वे अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा सकें और बेहतर आय अर्जित कर सकें।
महाभियान के दौरान सभी कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिक, कृषि विभाग के प्रसार कर्मी और तकनीकी विशेषज्ञ किसानों को प्रशिक्षण देंगे। उन्हें मिट्टी परीक्षण, फसल विविधीकरण, सिंचाई तकनीक, बीज चयन, उर्वरक प्रबंधन और नवीन कृषि उपकरणों के प्रयोग के बारे में भी जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ऊर्जा सह योजना एवं विकास मंत्री श्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, पंचायती राज मंत्री श्री केदार प्रसाद गुप्ता तथा राज्य सरकार के कई वरीय अधिकारीगण भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह महाभियान बिहार को कृषि क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक ले जाने में अहम भूमिका निभाएगा और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर राज्य की अर्थव्यवस्था को और मजबूत बनाएगा।
📰 रिपोर्ट : कंट्री इनसाइड न्यूज़ एजेंसी





























