Kaushlendra Pandey/जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपने 51 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पटना के पाटलिपुत्र स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह ने आधिकारिक रूप से उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि जन सुराज नई सोच और साफ राजनीति की पार्टी है, जो समाज के हर वर्ग की भागीदारी में विश्वास करती है।
उदय सिंह ने बताया कि जारी 51 उम्मीदवारों की सूची में 11 अति पिछड़ा वर्ग, 11 पिछड़ा वर्ग, 8–9 अल्पसंख्यक समुदाय, जबकि शेष सामान्य वर्ग के उम्मीदवार शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि जन सुराज बिहार की सबसे नई पार्टी होने के बावजूद राज्य में सबसे पहले उम्मीदवारों की सूची जारी करने वाली पार्टी बन गई है, जबकि अन्य दल अब भी रणनीति और मंथन में जुटे हुए हैं।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि 11 अक्टूबर को राघोपुर सीट से चुनाव अभियान की औपचारिक शुरुआत प्रशांत किशोर करेंगे। पार्टी जल्द ही दूसरी सूची भी जारी करेगी और बिहार की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान पहले ही कर चुकी है।
इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह, वरिष्ठ नेता शाहिद, और अन्य कई पदाधिकारी मौजूद रहे.

























