Kaushlendra Pandey/पटना ब्यूरो। बिहार पुलिस मुख्यालय में आज आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री विनय कुमार ने आम नागरिकों की समस्याएं सीधे सुनते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में लोग विभिन्न शिकायतों, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मुद्दों, लंबित मामलों, पारिवारिक विवाद, भूमि व संपत्ति विवाद, साइबर क्राइम तथा अन्य जनहित मामलों को लेकर पहुंचे।
DGP ने प्रत्येक आवेदक की बात ध्यानपूर्वक सुनी तथा मामले के त्वरित निस्तारण पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य जनता और पुलिस प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत बनाना तथा लोगों की समस्याओं का निष्पक्ष एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई की जाए ताकि आम नागरिकों का पुलिस प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।
कार्यक्रम के दौरान आवेदकों को अपने मामलों की प्रगति के बारे में अवगत कराया गया तथा कई मामलों में मौके पर ही समाधान प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। पुलिस मुख्यालय द्वारा प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई आयोजित की जाती है जहां नागरिक बिना किसी औपचारिकता के अपने मुद्दे रख सकते हैं।
बिहार पुलिस का उद्देश्य है “कहीं भी, कभी भी – जनता की सेवा और सुरक्षा”, इसी कड़ी में जनसुनवाई व्यवस्था जनता को न्याय दिलाने और शिकायत निवारण को पारदर्शी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।



























