सुनियोजित शहरी विकास से बिहार को मिलेगी नई पहचान – जद (यू0)
19 दिसम्बर 2025/जद (यू0) प्रदेश प्रवक्ता श्री हिमराज राम, प्रदेश प्रवक्ता श्री परिमल कुमार एवं मीडिया पैनलिस्ट डाॅ0 मधुरेंदु पांडेय ने मीडिया में जारी बयान में कहा कि बिहार सरकार सुनियोजित शहरी विकास के माध्यम से राज्य को एक नया स्वरूप और नई पहचान देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में शहरीकरण को अव्यवस्था नहीं, बल्कि सुव्यवस्थित विकास का माध्यम बनाया जा रहा है, ताकि नागरिकों को बेहतर जीवन स्तर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि राज्य के 11 प्रमुख शहरों में प्रस्तावित सैटेलाइट और ग्रीनफील्ड टाउनशिप बिहार के शहरी विकास की दिशा में एक दूरदर्शी पहल है। इन टाउनशिप के माध्यम से आवास, परिवहन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी आधुनिक सुविधाओं का समन्वित विकास किया जाएगा, जिससे आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि इन योजनाओं से न केवल शहरी दबाव कम होगा, बल्कि नए रोजगार और व्यवसाय के अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं और उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। सुव्यवस्थित औद्योगिक और वाणिज्यिक गतिविधियों के विस्तार से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
यह पहल आधुनिक, आत्मनिर्भर और संतुलित रूप से विकसित बिहार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचेगा और बिहार एक विकसित राज्य के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित करेगा।