Kaushlendra Pandey /पटना के राजेन्द्र नगर स्थित 21 एकड़ के विशाल भू-खण्ड पर नवनिर्मित डॉ॰ ए॰पी॰जे॰ अब्दुल कलाम साइंस सिटी के विभिन्न भागों का आज मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित बच्चों से मुलाकात की और उनका उत्साहवर्द्धन किया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि डॉ॰ ए॰पी॰जे॰ अब्दुल कलाम साइंस सिटी का भवन अत्यंत भव्य और आधुनिक स्वरूप में तैयार किया गया है। इस साइंस सिटी को विशिष्ट और नवाचारी आइडियाज के साथ विकसित किया गया है, जो इसे विज्ञान और नवाचार का एक आधुनिक केंद्र बनाता है। यह केंद्र सभी आयु वर्ग के लोगों को आकर्षित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि यह साइंस सिटी देश में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को जानने-समझने के लिए एक आकर्षक और अनूठा केंद्र है। युवा वर्ग के बीच विज्ञान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इसका निर्माण किया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यहां आने वाले छात्र-छात्राओं को विज्ञान की मूलभूत बातें, गतिविधियों और वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल तरीके से समझने में सुविधा होगी, जिससे विज्ञान के प्रति उनकी रुचि बढ़ेगी।
डॉ॰ ए॰पी॰जे॰ अब्दुल कलाम साइंस सिटी आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का एक सशक्त केंद्र बनेगी और बिहार को विज्ञान शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।



























