प्रियंका -नई दिल्ली।भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2026 ने दूसरे दिन में प्रवेश कर लिया। इस राष्ट्रीय स्तर के संवाद कार्यक्रम के द्वितीय संस्करण का उद्घाटन केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने किया।
उद्घाटन अवसर पर डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि विकसित भारत का सपना युवाओं के नेतृत्व के बिना अधूरा है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जमीनी स्तर के नेतृत्व मॉडल को विशेष महत्व दिया गया है, जिसके अंतर्गत देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया और उनमें से 3,000 युवाओं का चयन राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए किया गया है। यह चयन प्रक्रिया भारत की लोकतांत्रिक और समावेशी नेतृत्व प्रणाली को दर्शाती है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने युवा नेताओं को राष्ट्र निर्माण का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि सही निर्णय और अनुशासन ही राष्ट्रों के भाग्य का निर्माण करते हैं। डोभाल ने युवाओं से आत्मनिर्भर सोच, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने और कठिन परिस्थितियों में भी साहसिक निर्णय लेने का आह्वान किया।
इस संवाद कार्यक्रम में देश के प्रख्यात नीति-निर्माता, उद्योग जगत के दिग्गज और विभिन्न क्षेत्रों के विषय विशेषज्ञ शामिल हो रहे हैं, जो युवा नेताओं को 10 प्रमुख विषयगत ट्रैकों (Thematic Tracks) पर मार्गदर्शन दे रहे हैं। इनमें शासन, नवाचार, स्टार्टअप, शिक्षा, तकनीक, पर्यावरण, सामाजिक समावेशन, राष्ट्रीय सुरक्षा, खेल और युवा नेतृत्व जैसे विषय शामिल हैं।
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2026 का उद्देश्य देश के युवाओं को नीति निर्माण, नेतृत्व कौशल और राष्ट्र के दीर्घकालिक विज़न से जोड़ना है, ताकि आने वाले वर्षों में भारत को एक सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ाया जा सके।
कार्यक्रम का दूसरा दिन युवाओं के विचारों, संवाद और नेतृत्व क्षमता के प्रदर्शन का सशक्त मंच बनकर उभरा, जहां नए भारत के नेतृत्व की स्पष्ट झलक देखने को मिली।
— कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























