महुआ (वैशाली) | कौशलेन्द्र पाण्डेय/माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में आयोजित ‘समृद्ध यात्रा’ के तहत आज वैशाली जिले की पावन धरती महुआ में विकास की नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला। मुख्यमंत्री जी के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का निरीक्षण एवं प्रगति अवलोकन क्षेत्रवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री जी ने वाया नदी का निरीक्षण किया, जहां गाद उड़ाही और पुनरुद्धार कार्यों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जलस्तर में उल्लेखनीय सुधार की उम्मीद जताई गई। यह परियोजना क्षेत्र के किसानों और आम जनजीवन के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री जी ने महुआ स्थित राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माणाधीन इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर इसे आम जनता को समर्पित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।
‘समृद्ध यात्रा’ के अंतर्गत आयोजित प्रगति प्रदर्शनी में स्थानीय स्टार्टअप्स और इनोवेशन स्टॉल्स ने विशेष आकर्षण पैदा किया। प्रदर्शनी में युवाओं की रचनात्मकता और उद्यमशीलता ने यह स्पष्ट किया कि महुआ का युवा भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाने को तैयार है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाकर राज्य सरकार ‘न्याय के साथ विकास’ के संकल्प को जमीन पर उतार रही है। महुआ विधानसभा क्षेत्र के हर कोने तक विकास और खुशहाली पहुँचाने का लक्ष्य अब वास्तविकता में बदल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि विकास की यह लहर जल्द ही हर घर और हर द्वार तक पहुँचेगी तथा समृद्ध बिहार की इस यात्रा में जनता की सहभागिता निर्णायक भूमिका निभाएगी।




























