Kaushlendra Pandey/पटना। माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने आज प्रगति यात्रा के क्रम में पटना जिले के लिए घोषित निर्माणाधीन योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूपसपुर नहर से सगुना मोड़ तक नेहरू पथ के दोनों ओर भूमिगत नाला निर्माण के साथ-साथ पथ के निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री जी ने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा और जलनिकासी की समस्या से राहत मिल सके।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री जी ने रूपसपुर नहर रोड के समीप दीघा-एम्स पाटलि पथ से नेहरू पथ को जोड़ने वाले कनेक्टिविटी कार्य का भी निरीक्षण किया। साथ ही दीघा गोलंबर के पास जे.पी. गंगा पथ पर कराए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य की प्रगति की समीक्षा की और इसे और आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी सहित राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी




























