प्रियंका भारद्वाज /टी. पी. एस. कॉलेज, पटना के प्लेसमेंट सेल द्वारा चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान (CIMP), पटना के सहयोग से स्नातक अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों हेतु प्रबंधन शिक्षा एवं कैरियर मार्गदर्शन विषय पर एक विशेष इंटरेक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. तपन कुमार शांडिल्य ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. शांडिल्य ने प्रबंधन शिक्षा के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि प्राचीन काल से ही प्रशासन एवं संगठनात्मक प्रबंधन की अवधारणाएँ भारतीय परंपरा में विद्यमान रही हैं, जिसका उल्लेख अर्थशास्त्र एवं अन्य ग्रंथों में मिलता है। आधुनिक युग में औद्योगिक क्रांति के पश्चात प्रबंधन शिक्षा ने संस्थागत रूप ग्रहण किया और आज यह वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख व्यावसायिक अध्ययन क्षेत्र के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उन्होंने MBA पाठ्यक्रम की आवश्यकता, वर्तमान समय में इसकी बढ़ती प्रासंगिकता तथा रोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में इसकी व्यापक संभावनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैश्वीकरण एवं प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में प्रबंधन शिक्षा युवाओं को नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की दक्षता एवं व्यावसायिक कौशल प्रदान करती है, जिससे वे विभिन्न क्षेत्रों में सफल करियर बना सकते हैं।
कार्यक्रम में CIMP से पधारे रिसोर्स पर्सन प्रो. अंकित कुमार ने प्रबंधन शिक्षा के बदलते परिदृश्य, CAT/MAT जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की तैयारी की रणनीति तथा प्रबंधन क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों पर विस्तृत जानकारी दी। प्रो. मनीष द्वारा पावर-पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से PGDM/MBA कार्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया एवं संस्थान की विशेषताओं को रेखांकित किया गया। एडमिशन एसोसिएट सुश्री अनुष्का जी ने नामांकन प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. प्रशांत कुमार ने महाविद्यालय के प्लेसमेंट सेल की गतिविधियों, उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेल विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख कौशल एवं उच्च शिक्षा के अवसरों से जोड़ने के लिए सतत प्रयासरत है।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्लेसमेंट सेल के सह-समन्वयक डॉ. सुशोभन पलाधी ने किया। IQAC समन्वयक प्रो. रूपम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए अतिथियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।




























