Kaushlendra Pandey /देवघर। देवघर नगर निगम चुनाव में महापौर पद पर पराजय के बावजूद सूरज झा ने समाजसेवा जारी रखने का संकल्प दोहराया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहा, लेकिन जनता की सेवा ही उनका मूल लक्ष्य था और आगे भी रहेगा।
महापौर प्रत्याशी रहे सूरज झा ने प्रेस बयान जारी कर कहा कि वे चुनाव को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा मानते हैं और जनता के फैसले का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से उनके सामाजिक दायित्व और जनसेवा के संकल्प में कोई कमी नहीं आएगी। जल वितरण सहित अन्य जनहित से जुड़े कार्य पूर्व की तरह निरंतर जारी रहेंगे।
सूरज झा ने स्वयं को झारखंड मुक्ति मोर्चा का समर्पित सिपाही बताते हुए कहा कि संगठन की मजबूती और विचारधारा के विस्तार के लिए वे निरंतर सक्रिय रहेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री Hemant Soren के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान और तेज किया जाएगा। सूरज झा ने कहा कि पार्टी का झंडा और सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे, इसके लिए वे जमीनी स्तर पर काम करेंगे।
अंत में उन्होंने देवघर की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम चाहे जैसा भी रहा हो, उनका समर्पण, सेवा भाव और क्षेत्र के विकास के प्रति प्रतिबद्धता पहले की तरह बनी रहेगी।



























