Kaushlendra Pandey /बिहार दिवस, 2026 के सफल आयोजन को लेकर अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग, डॉ० बी० राजेन्दर की अध्यक्षता में विभागीय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना सहित जिला प्रशासन के तमाम संबंधित पदाधिकारीगण बैठक का हिस्सा बने। राज्य परियोजना निदेशक, श्री नवीन कुमार ने की जा रही तैयारियों को पी०पी०टी० के माध्यम से प्रस्तुत किया। चरणबद्ध तरीके से सभी महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर की गई तैयारी पर समीक्षा हुई, उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी तीन स्थलों, गाँधी मैदान, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल एवं रविन्द्र भवन में तीन दिवसीय कार्यक्रम (22-24 मार्च) आयोजित किये जाएंगे। अपर मुख्य सचिव, शिक्षा विभाग ने साफ-सफाई, पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था के संबंध में पी०एच०इ०डी० एवं नगर निगम को सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने का आवश्यक निदेश दिया ताकि आनेवाले आगन्तुक और मेहमान को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सके। विधि व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण एवं सुगम ट्रैफिक संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का निदेश दिया गया। यातायात प्रबंधन तथा सुगम आवागमन का मैपिंग एवं इसका प्रचार प्रसार करने का निदेश दिया गया। बिहार दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनी, व्यंजन मेला, पुस्तक मेला, लोकनाटक, रंगमंच आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जायगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करेंगे।
बैठक में पुलिस महानिरीक्षक जीतेन्द्र राणा, जिला पदाधिकारी डॉ० त्यागराजन एस०एम०, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के० शर्मा, प्रबंध निदेशक (बी०एस०इ०आई०डी०सी०) श्रीमती इनायत खाँ, नगर आयुक्त यशपाल मीणा, निदेशक, प्राथमिक शिक्षा विक्रम विरकर, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा सज्जन आर०, राज्य परियोजना निदेशक नवीन कुमार, निदेशक, प्रशासन मनोरंजन कुमार, पटना सहित अन्य वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।





























