Kaushlendra Pandey पटना: Syed Ata Hasnain ने बिहार के 43वें राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। राजधानी पटना स्थित लोक भवन (राजभवन परिसर) में आयोजित एक गरिमामय समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar सहित राज्य सरकार के कई मंत्री, विधायक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद रहे।
समारोह के दौरान राज्यपाल पद की शपथ लेने के बाद सैयद अता हसनैन ने कहा कि वे संविधान की मर्यादाओं के अनुरूप बिहार के सर्वांगीण विकास और सुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने राज्य की जनता के सहयोग से शिक्षा, विकास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में काम करने की बात कही।
शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष, कैबिनेट के कई सदस्य, वरिष्ठ नौकरशाह और अन्य गणमान्य अतिथि भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने नए राज्यपाल का स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारी रह चुके हैं और लेफ्टिनेंट जनरल के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेना में अपने लंबे अनुभव और प्रशासनिक दक्षता के लिए वे जाने जाते हैं। अब बिहार के राज्यपाल के रूप में उनकी नियुक्ति से राज्य के संवैधानिक और प्रशासनिक कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राज्यपाल के रूप में उनका अनुभव और नेतृत्व क्षमता राज्य और केंद्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में सहायक हो सकती है।





























