Kaushlendra Pandey / आज शिक्षा विभाग के सचिव श्री दिनेश कुमार ने पटना स्थित गांधी मैदान में 22 मार्च से आयोजित होने जा रहे “बिहार दिवस 2026” के अवसर पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि सभी तैयारियां समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि आयोजन भव्य एवं सुव्यवस्थित रूप में संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष “बिहार दिवस 2026” का थीम “उन्नत बिहार, उज्ज्वल बिहार” निर्धारित किया गया है। इस अवसर पर पटना में तीन दिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देशभर के सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
22 मार्च को गांधी मैदान के मुख्य मंच पर बॉलीवुड गायिका सोना महापात्रा अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं, श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में पंडित जगत नारायण पाठक द्वारा ध्रुपद गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त ओडिसी नृत्य के साथ श्रीमती रमिंदर खुराना एवं सुश्री प्राची पल्लवी साहू द्वारा समकालीन नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। रविन्द्र भवन में श्री कमलेश कुमार सिंह द्वारा लोकगीत तथा भिखारी ठाकुर की कालजयी रचना “गबरघिचोर” की नाट्य प्रस्तुति आयोजित होगी।
23 मार्च को गांधी मैदान के मुख्य मंच पर पार्श्व गायक शान अपनी प्रस्तुति देंगे। श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में सुदीपा घोष द्वारा “बुद्धचरित” पर आधारित नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। वहीं, रविन्द्र भवन में श्री सुरेंद्र शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा हास्य कवि सम्मेलन तथा नाटक “वैजयंती” का मंचन किया जाएगा।
24 मार्च को गांधी मैदान के मुख्य मंच पर पार्श्व गायक पापोन अपनी प्रस्तुति देंगे। श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में डॉ. एन. विजयालक्ष्मी द्वारा भरतनाट्यम प्रस्तुत किया जाएगा, साथ ही सुश्री चंदन तिवारी द्वारा लोकगीत एवं डॉ. पाशा द्वारा “मिरैकल ऑन व्हील्स” की प्रस्तुति दी जाएगी। रविन्द्र भवन में श्री आलोक राज द्वारा ग़ज़ल एवं मुशायरा का आयोजन किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, गांधी मैदान में सांस्कृतिक पवेलियन में प्रतिदिन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। शिक्षा पवेलियन में स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों द्वारा शैक्षणिक प्रदर्शन, पुस्तक मेला तथा व्यंजन मेला आकर्षण का केंद्र रहेगा। वहीं, पर्यटन विभाग द्वारा बिहार की सांस्कृतिक धरोहर एवं विरासत का प्रदर्शन किया जाएगा तथा विभिन्न विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कार्यक्रम में आने वाले दर्शकों एवं अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बिहार दिवस 2026 के इस आयोजन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने हेतु विभाग पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।





























