संयुक्त राष्ट्र पर BJP नेता जीतेन्द्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव का बड़ा हमला,यदि कुछ देश युद्ध के जरिए अपना साम्राज्य स्थापित करने में ही रुचि रखते हैं, तो उन्हें एक निर्धारित “रण क्षेत्र” घोषित कर देना चाहिए
पटना | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी:भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता जीतेन्द्र कुमार यादव उर्फ बच्चू यादव ने संयुक्त राष्ट्र संगठन पर तीखा हमला बोलते हुए इसे विश्व के शांतिप्रिय देशों और आम जनजीवन की सुरक्षा करने में असफल करार दिया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में यह अंतरराष्ट्रीय संस्था अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
बच्चू यादव ने कहा कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्ध और संघर्ष की घटनाएं इस बात का स्पष्ट संकेत हैं कि अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्दोष बच्चों और बेगुनाह नागरिकों की लगातार जान जा रही है, तब संयुक्त राष्ट्र की भूमिका आखिर कहां नजर आती है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि यदि वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसी स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसे नियंत्रित करना और आम लोगों की रक्षा सुनिश्चित करना अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। लेकिन वर्तमान हालात ऐसे बनते जा रहे हैं मानो पूरी दुनिया एक “कुरुक्षेत्र” में तब्दील हो रही हो, जहां शक्तिशाली देश अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि कमजोर और निर्दोष लोग इसकी भारी कीमत चुका रहे हैं।
बच्चू यादव ने आगे तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि कुछ देश युद्ध के जरिए अपना साम्राज्य स्थापित करने में ही रुचि रखते हैं, तो उन्हें एक निर्धारित “रण क्षेत्र” घोषित कर देना चाहिए, ताकि आम नागरिकों और मासूमों की जान बेवजह न जाए।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि संयुक्त राष्ट्र अपनी भूमिका को अधिक प्रभावी और निर्णायक बनाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि विश्व में शांति, सुरक्षा और मानवता की रक्षा के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाना आवश्यक है, ताकि मासूमों की जान बचाई जा सके और वैश्विक संतुलन कायम रह सके।