अमित राय /कोलकाता | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी के उम्मीदवारों की सूची आधिकारिक रूप से जारी कर दी है। इस सूची में कुल 291 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई है।
ममता बनर्जी ने सभी नामित प्रत्याशियों को शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि लंबी चर्चा, गहन जांच-पड़ताल और पार्टी की विचारधारा के साथ-साथ जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए इस सूची को अंतिम रूप दिया गया है।
उन्होंने बताया कि समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से आरक्षित सीटों से भी अधिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है। साथ ही युवाओं के उत्साह और अनुभवी नेताओं की समझदारी का संतुलन बनाते हुए उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
ममता बनर्जी ने भरोसा जताया कि सभी प्रत्याशी ईमानदारी, क्षमता और जिम्मेदारी के साथ जनता के बीच काम करेंगे और राज्य के विकास को नई गति देंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के हित और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस का समर्थन करेगी और “मां-माटी-मानुष” की सरकार चौथी बार बनाएगी।
साथ ही उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि बंगाल की जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और राज्य की अस्मिता की रक्षा करेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे तृणमूल कांग्रेस को समर्थन दें, ताकि राज्य और आम जनता के हित सुरक्षित रह सकें।
जय बंगाल! मां-माटी-मानुष जिंदाबाद!





























