पटना, 31 मार्च 2026/ नालंदा के शीतला माता मंदिर में हुई भगदड़ और 9 श्रद्धालुओं की मौत पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम ने राज्य सरकार को इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार ठहराया है। पटना स्थित कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू की सरकार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के पंचायत स्तरीय नेताओं के पीछे घूमने के लिए पुलिस बल उपलब्ध रहता है, लेकिन शीतला माता मंदिर में आए हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सरकार एक भी पुलिस जवान की तैनाती नहीं कर सकी। लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ के बावजूद वहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का एक जवान तक मौजूद नहीं था। भगदड़ के बाद लोग दम घुटने से तड़पते रहे, लेकिन समय पर एंबुलेंस तक नहीं पहुंची। यदि समय रहते घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी। मारे गए श्रद्धालुओं को श्रद्धांजली देने के लिए सदाकत आश्रम में दो मिनट का मौन रखा गया।
राजेश राम ने कहा कि दुर्भाग्य से बिहार में ऐसी सरकार है जो आम लोगों की सुरक्षा और जीवन की चिंता करने के बजाय उन्हें मुश्किलों में धकेल रही है। पहले रसोई गैस की भारी किल्लत से लोग परेशान हैं और अब बिजली की दरों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने टाइम ऑफ डे (Time of Day) बिजली प्रणाली लागू कर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री ने 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने का वादा कर जनता का वोट लिया, लेकिन चुनाव के बाद उसी जनता से यह राशि सूद-ब्याज समेत वसूलने का काम शुरू कर दिया गया है।
राजेश राम ने कहा कि शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक का समय घरों में खाना बनाने और बच्चों की पढ़ाई का होता है, लेकिन इसी समय बिजली की दरों में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई है। वहीं भीषण गर्मी में रात 11 बजे से सुबह 9 बजे तक जब लोगों को पंखे और कूलर की जरूरत होती है, तब बिजली की कीमतों में 10 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई है। इसका सीधा असर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि पहले रसोई गैस की किल्लत और अब बिजली महंगी कर राज्य सरकार ने गरीबों के लिए खाना बनाना तक मुश्किल कर दिया है। राज्य के लगभग 1.88 करोड़ घरों पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा गरीबों और मध्यम वर्ग की आवाज बनकर खड़ी रही है। सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी राज्य भर में जन आंदोलन करेगी। इसी क्रम में 2 अप्रैल को बिहार के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करेंगे और इसके अगले दिन 3 अप्रैल को राजधानी पटना में बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के आला पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व विधान पार्षद प्रेमचंद्र मिश्रा, वरिष्ठ नेता असित नाथ तिवारी, ब्रजेश प्रसाद मुनन , पंकज यादव और चंद्रभूषण राजपूत भी उपस्थित थे।




























