Kaushlendra Pandey /नई दिल्ली। Ministry of Home Affairs के तहत भारत में Census 2027 का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ हो गया है। यह विश्व का सबसे बड़ा जनगणना अभियान है, जिसकी शुरुआत हाउसलिस्टिंग और हाउसिंग सेंसस (HLO) के साथ की गई है।
इस बार जनगणना प्रक्रिया को पूरी तरह आधुनिक और तकनीक आधारित बनाया गया है। पहली बार डिजिटल डेटा कैप्चर और Self-Enumeration (स्व-गणना) की सुविधा शुरू की गई है, जिससे नागरिक स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
इस ऐतिहासिक पहल में देश का नेतृत्व करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सबसे पहले स्व-गणना पूरी की। वहीं उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभियान में भाग लिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं अपने परिवार की जानकारी दर्ज करें और जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने इसे राष्ट्र निर्माण में नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका बताया।
सरकार के अनुसार, स्व-गणना की सुविधा फिलहाल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, गोवा, कर्नाटक, लक्षद्वीप, मिजोरम, ओडिशा, सिक्किम के साथ-साथ दिल्ली के NDMC और कैंटोनमेंट बोर्ड क्षेत्रों में शुरू की गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि डिजिटल जनगणना से डेटा संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी और तेज़ होगा, जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मदद मिलेगी।
(रिपोर्ट: कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी)



























