Kaushlendra Pandey / नई दिल्ली: रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने 262वें सेना चिकित्सा कोर स्थापना दिवस के अवसर पर दिल्ली कैंट स्थित Army Hospital (Research and Referral) में कई अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की आधारशिला रखी।
इस दौरान उन्होंने नेत्र विज्ञान (ऑप्थैल्मोलॉजी), कैंसर रोग चिकित्सा (ऑन्कोलॉजी) और जॉइंट रिप्लेसमेंट से जुड़े विशेष केंद्रों की स्थापना की शुरुआत की। साथ ही, बेस हॉस्पिटल में नए बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भी शिलान्यास किया गया।
रक्षा मंत्री ने इस मौके पर कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों और उनके परिवारों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सेना चिकित्सा कोर की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन न केवल सैनिकों, बल्कि आपदा और आपातकालीन परिस्थितियों में आम नागरिकों की भी सेवा करता रहा है।
इन नए केंद्रों के स्थापित होने से उन्नत इलाज, आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेंगी। विशेष रूप से कैंसर उपचार और जॉइंट रिप्लेसमेंट जैसी जटिल चिकित्सा सेवाओं में यह पहल बड़ी राहत देगी।
कार्यक्रम में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और चिकित्सा विशेषज्ञों की उपस्थिति रही। इस पहल को सशस्त्र बलों की चिकित्सा सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




























