अमित राय कोलकाता/पूर्व बर्धमान/नदिया: पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्धमान और नदिया जिलों में आयोजित जनसभाओं में तृणमूल कांग्रेस को भारी जनसमर्थन मिलता दिखाई दिया। सभाओं में उमड़ी भीड़ और लोगों के उत्साह को लेकर पार्टी नेतृत्व ने भरोसा जताया कि इन क्षेत्रों में “जोड़ाफूल” की जीत तय है।
सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि बंगाल की पवित्र भूमि को “कलुषित करने वाली ताकतों” को जड़ से उखाड़ फेंकना होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि बाहरी ताकतें राज्य में साजिश और भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन जनता विकास के पक्ष में खड़ी होकर इसका जवाब देगी।
तृणमूल कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2021 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद भाजपा ने 100 दिन के काम (मनरेगा) और आवास योजना की राशि को रोक दिया। साथ ही, यह भी कहा गया कि विपक्ष “लक्ष्मी भंडार” जैसी जनकल्याणकारी योजना को बंद करने की बात कर रहा है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक “मां-माटी-मानुष” की सरकार रहेगी, तब तक लक्ष्मी भंडार योजना जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं, ताकि विकास की धारा निरंतर जारी रह सके।
सभा में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों—पलाशीपाड़ा, कालिगंज, नकशिपाड़ा, पूर्वस्थली दक्षिण-उत्तर, नवद्वीप, शांतिपुर, कालना, करिमपुर, तेहट्ट, कृष्णनगर, रनाघाट, चापड़ा, चाकदह, कल्याणी और हरिणघाटा—के तृणमूल उम्मीदवारों के समर्थन में वोट करने की अपील की गई।
कार्यक्रम का समापन “जय बंगला”, “तृणमूल कांग्रेस जिंदाबाद” और “मां-माटी-मानुष जिंदाबाद” के नारों के साथ हुआ।



























