टी.पी.एस. कॉलेज, पटना में एविएशन करियर अवेयरनेस एवं प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन
पटना, दिनांक 07 अप्रैल 2026: टी.पी.एस. कॉलेज, पटना के प्लेसमेंट सेल द्वारा केबिन क्रू एवं एयरपोर्ट ऑपरेशन अवेयरनेस सेशन एवं प्लेसमेंट ड्राइव का सफलतापूर्वक आयोजन कौटिल्य सभागार में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रधानाचार्य प्रो. तपन कुमार शांडिल्य ने की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए युवाओं का कौशल विकास अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं अपने कौशल का विकास कर सकें और एविएशन जैसे उभरते क्षेत्र में रोजगार के लिए स्वयं को तैयार कर सकें। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और नए अवसरों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का स्वागत एवं विषय परिचय प्लेसमेंट सेल के समन्वयक डॉ. प्रशांत कुमार द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित मिलेनियम एयर होस्टेस एकेडमी के एविएशन ट्रेनर श्री मनीष कुमार ने एविएशन सेक्टर में रोजगार के अवसर, चुनौतियाँ, आवश्यक योग्यताएँ तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्रों को एयरलाइन इंडस्ट्री में सफल होने के लिए आवश्यक कौशल एवं तैयारी के महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।
इसके साथ ही इंडिगो एयरलाइंस की पूर्व केबिन क्रू सुश्री काव्यांजलि एवं सुश्री वंशिका ने अपने अनुभव साझा करते हुए छात्रों को इस क्षेत्र की वास्तविकताओं एवं संभावनाओं के बारे में प्रेरणादायक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित इंटरएक्टिव सत्र में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया।
इस अवसर पर कॉलेज के मीडिया प्रभारी डॉ. मुकुंद कुमार भी उपस्थित थे।
कार्यक्रम का सफल संचालन प्लेसमेंट सेल की सह-समन्वयक डॉ. सनंदा सिन्हा द्वारा किया गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन सह-समन्वयक डॉ. सुशोवन पलाधी ने किया।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं मार्गदर्शक सिद्ध हुआ तथा एविएशन क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले।
—
टी.पी.एस. कॉलेज, पटना