मुजफ्फरपुर । रामेश्वर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आईक्यूएसी सभागार में बाबा साहेब भीमराव अंबेदकर की जन्म जयंती महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो.(डॉ.) श्यामल किशोर की अध्यक्षता में मनाई गई । कार्यक्रम की शुरुआत सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ.शारदा नंद सहनी के स्वागत वक्तव्य से हुई । डॉ. शारदा ने बाबा साहेब के योगदान को रेखांकित किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य प्रो.(डॉ.) श्यामल किशोर ने कहा कि डॉ.अंबेदकर ने समाज के उत्थान के लिए भरसक प्रयास किए । साथ ही समता, स्वतंत्रता, बंधुत्व और न्याय पर आधारित संविधान की नींव रखी थी । आज अंबेदकर जी की जन्म जयंती पूरे देशभर में धूमधाम से मनाई जा रही है । बाबा साहेब ने कहा था कि जीवन लंबा होने के बजाय महान होना चाहिए । आगे भी उन्होंने कहा कि कानून और व्यवस्था राजनीतिक शरीर के लिए दवा होती है । जब भी राजनीतिक शरीर बीमार हो, उसे जरूर दवा देनी चाहिए । इस दिन को हम सभी समानता, शिक्षा और मानव अधिकारों के महत्व के रूप में याद करते हैं । कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन दर्शनशास्त्र विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो.रजनी रंजन ने किया । इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकगण, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही ।डॉ.संदीप कुमार सिंह,मीडिया प्रभारी – रामेश्वर महाविद्यालय मुजफ्फरपुर ।

























