Kaushlendra Pandey /बिहार की वीरभूमि ने एक बार फिर अपने महान सपूत को नमन किया। स्वतंत्रता संग्राम के अमर योद्धा Veer Kunwar Singh के विजयोत्सव दिवस के अवसर पर राजधानी Patna में भव्य राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबू वीर कुंवर सिंह केवल बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के गौरव हैं। 85 वर्ष की आयु में भी उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ जिस अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय दिया, वह भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। उनका जीवन राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व और त्याग का अद्वितीय उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर कुंवर सिंह ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा संभालते हुए न केवल अपनी वीरता का लोहा मनवाया, बल्कि देशवासियों में स्वतंत्रता की ज्वाला भी प्रज्वलित की। उन्होंने यह भी कहा कि आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।
इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर देशभक्ति के नारों और वीर कुंवर सिंह अमर रहें के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक उपस्थित रहे।
राजकीय समारोह के माध्यम से बिहार सरकार ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि राज्य अपने महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को सदैव याद रखेगा और आने वाली पीढ़ियों को उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित करता रहेगा।




























