पटना | कंट्री इनसाइड न्यूज एजेंसी/लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला प्रशासन ने आम लोगों को राहत देने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी, पटना के निर्देश पर जिले के 17 नगर निकायों और 26 अंचलों में जनहित में पेयजल की विशेष व्यवस्था लागू की गई है।
प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थलों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहगीरों, रिक्शा चालकों, श्रमिकों, दुकानदारों समेत आम नागरिकों के लिए नि:शुल्क प्याऊ की व्यवस्था की गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, पटना के 17 नगर निकायों में कुल 387 स्थानों पर प्याऊ स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही लोगों को गर्मी से राहत देने के लिए 15 आश्रय स्थलों का भी संचालन किया जा रहा है।
पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए पीएचईडी द्वारा 46 चलंत चापाकल मरम्मति दल विभिन्न प्रखंडों में तैनात किए गए हैं। साथ ही, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल पटना पूर्व और पश्चिम के नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेयजल का कोई संकट नहीं है।
ग्रामीण क्षेत्रों में सभी चापाकलों को चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी चापाकल में खराबी की सूचना मिलने पर मरम्मति दल तत्काल कार्रवाई करेंगे। वहीं, जिन क्षेत्रों में जलस्तर कम होने की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा टैंकर के माध्यम से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
जनता अपनी शिकायतें या समस्याएं सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक जिला नियंत्रण कक्ष के नंबरों पर दर्ज करा सकती है:
पटना पूर्व: 0612-2225796
पटना पश्चिम: 0612-2280879
इसके अलावा, अधिकारियों को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायतों, विद्यालयों, बाजारों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उप विकास आयुक्त, पटना को इसकी नियमित निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला प्रशासन का यह कदम भीषण गर्मी में आमजन को राहत पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





























